T1-20: यूलिप की जानकारी (About ULIPs)

English version के लिए कृपया यहाँ जाएँ: T1-20: About ULIPs

जब भी इन्वेस्टमेंट्स की बात होती है, यूलिप (ULIP या यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान) का ज़िक्र होना तय है। यूलिप एक ऐसा फाइनैन्शल प्रोडक्ट (product या साधन) है जिसमें जीवन बीमा और मार्केट-लिंक्ड (market-linked या बाज़ार-आधारित) इन्वेस्टमेंट दोनों शामिल होते हैं।

यूलिप के काम करने का तरीका

आप अपनी पसंद के अनुसार यूलिप का प्रीमियम (premium या शुल्क) हर महीने, हर साल, या तिमाही (हर तीन महीने) या छमाही (हर छह महीने) जैसे दूसरे इंटरवल (interval या अंतराल) के अनुसार भी भर सकते हैं।

  • प्रीमियम का बंटवारा: जब आप अपना प्रीमियम भरते हैं, तो उसका एक हिस्सा आपके जीवन बीमा कवर के लिए जाता है और बाकी रकम मार्केट में इन्वेस्ट की जाती है।

  • फंड के विकल्प: आप चुन सकते हैं कि आपका पैसा कहाँ इन्वेस्ट किया जाए, जैसे इक्विटी फंड (स्टॉक्स में), डेट फंड (debt fund या बॉन्ड फंड), या हाइब्रिड फंड में निवेश कर सकते हैं जिसमें स्टॉक और बॉन्ड दोनों शामिल होते हैं।

  • यूनिट और NAV: आपके पैसे से आपके चुने हुए फंड में यूनिट्स (units या शेयर्स) खरीदी जाती हैं। हर यूनिट की कीमत को नेट एसेट वैल्यू (NAV या यूनिट की प्राइस) कहा जाता है, जो बाज़ार के परफ़ॉर्मेंस (performance या प्रदर्शन) के आधार पर रोज़ाना अपडेट होती है।

यूलिप में स्विचिंग की सुविधा

यूलिप की एक बड़ी खूबी इसका स्विचिंग (Switching या बदलने) की फ़ैसिलिटी (facility या सुविधा) है। मान लीजिए आपको लगता है कि मार्केट बहुत ऊपर चला गया है और रिस्क बढ़ रहा है, तो आप इक्विटी फंड से डेट फंड में जा सकते हैं। कई कंपनियाँ साल में कुछ स्विच (switch या बदलाव) मुफ्त भी देती हैं। इसके अलावा, मौजूदा नियमों के तहत यूलिप में कुछ टैक्स छूट के प्रावधान भी मिलते हैं, हालाँकि टैक्स के नियम समय और सरकारी शर्तों के अनुसार बदल सकते हैं।

फैसला लेने से पहले ध्यान देने योग्य बातें

यूलिप की सबसे बड़ी बात यह है कि यह एक ही समय में दो बिल्कुल अलग-अलग काम—इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट—करने की कोशिश करता है। इसलिए अक्सर आपको दोनों ही मोर्चों पर थोड़ा कॉम्प्रोमाइज़ (compromise या समझौता) करना पड़ता है। बाज़ार में सुविधा के नाम पर इसका काफी प्रचार किया जाता है, लेकिन इंश्योरेंस और संपत्ति निर्माण (wealth creation) को एक साथ मिलाने से कुछ ऐसे पहलू सामने आते हैं जिन्हें समझना ज़रूरी है, जैसे कि:

  • कई तरह के चार्जेस (Charges या शुल्क): जब आप म्यूचुअल फंड खरीदते हैं तो वहाँ खर्च काफी सीधे — एक्सपेंस रेशियो का ही खर्च — और ट्रांसपेरेंट (transparent या पारदर्शी) होते हैं। लेकिन यूलिप में प्रीमियम एलोकेशन चार्ज (allocation charge या प्रीमियम वितरण शुल्क), पॉलिसी एडमिनिस्ट्रेशन चार्ज (policy administration charge या पॉलिसी प्रबंधन शुल्क), फंड मैनेजमेंट चार्ज (fund management charge या फंड प्रबंधन शुल्क) और लाइफ कवर (life cover या जीवन बीमा) के लिए मॉर्टेलिटी चार्ज (mortality charge या मृत्यु शुल्क) जैसे कई तरह के खर्च कटते हैं। इसका मतलब यह है कि आपके दिए गए पूरे पैसे का तुरंत इन्वेस्टमेंट नहीं होता, बल्कि शुरुआती सालों में इन कटौतियों के बाद बचा हुआ पैसा ही मार्केट में लगता है।

  • 5 साल का लॉक-इन (Lock-in Period या बंधन अवधि): ULIP में कम से कम 5 साल का लॉक-इन पीरियड होता है। अगर आपको बीच में अचानक पैसों की ज़रूरत पड़ जाए, तो आप 5 साल से पहले अपना पैसा नहीं निकाल सकते।

  • कम नेट रिटर्न बनाम सीधे म्यूचुअल फंड: म्यूचुअल फंड में सिर्फ एक पारदर्शी फीस (एक्सपेंस रेशियो) लगती है, इसलिए वे ज्यादा किफायती होते हैं। यूलिप के कई तरह के चार्जेस कटने के बाद, इनका नेट रिटर्न आमतौर पर डायरेक्ट म्यूचुअल फंड से कम रह जाता है। इन्वेस्टमेंट का पूरा रिस्क आप उठाते हैं, लेकिन मुनाफे का एक हिस्सा पॉलिसी और इंश्योरेंस के खर्चों में चला जाता है।

  • विजिबिलिटी और ट्रैकिंग (Visibility and Tracking या स्पष्टता और निगरानी): विजिबिलिटी यानी यह साफ-साफ देख पाना कि आपका पैसा असल में कहाँ और कैसे काम कर रहा है, और ट्रैकिंग यानी समय के साथ अपने इन्वेस्टमेंट के परफ़ॉर्मेंस (performance या प्रदर्शन) और मिलने वाले रिटर्न पर नज़र रखना। म्यूचुअल फंड या डायरेक्ट स्टॉक की तरह आप ULIP की NAV तो रोज़ देख सकते हैं, लेकिन पॉलिसी के अलग-अलग कटने वाले चार्जेस के बाद आपके पास वास्तव में कितनी यूनिट्स रहीं और कुल फंड कितना बना, इसे साधारण तरीके से ट्रैक करना कभी-कभी थोड़ा डिफिकल्ट (difficult या जटिल) हो जाता है।
  • कम इंश्योरेंस कवर: यूलिप में मिलने वाला लाइफ कवर (यानी किसी अनहोनी पर परिवार को मिलने वाली बीमा राशि) आमतौर पर एक प्योर टर्म इंश्योरेंस (pure term insurance या म्यादी जीवन बीमा) की तुलना में काफी कम होता है। उसी प्रीमियम में जहाँ एक टर्म प्लान 50 लाख या 1 करोड़ रुपये तक का बड़ा सुरक्षा कवर दे सकता है, यूलिप में यह कवर अक्सर कुछ लाख रुपयों तक ही सीमित रह जाता है—जिससे परिवार की असली ज़रूरतों के आगे इंश्योरेंस से मिलने वाली सुरक्षा अधूरी रह जाती है।

कुल मिलाकर देखें तो ULIP में आपको अपनी इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट, दोनों ज़रूरतों से समझौता करना पड़ता है। साथ ही, इससे मिलने वाला रिटर्न भी ज्यादातर डायरेक्ट म्यूचुअल फंड के मुकाबले कम रह जाता है। इसलिए, ULIP एक ऐसा प्रोडक्ट है जिसे फैसला लेने से पहले अच्छी तरह समझना जरूरी है, ताकि आप तय कर सकें कि यह आपके लिए सही है भी या नहीं।

समरी (Summary)

अगर कोई इन्वेस्टर सिर्फ इस सुविधा के लिए यूलिप की तरफ देखता है कि उसे इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट दोनों एक ही जगह मिल जाएँ, तो उसे यह साफ समझ लेना चाहिए कि यह प्रोडक्ट केवल उन लोगों के लिए रह जाता है जो इस थोड़ी-सी सुविधा के बदले, इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट दोनों में समझौता और नुकसान उठाने को तैयार हैं।

इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट, दोनों की ज़रूरतें बिल्कुल अलग हैं। इंश्योरेंस आपकी गैर-मौजूदगी में परिवार को आर्थिक सहारा देता है, जबकि इन्वेस्टमेंट आपके जीते-जी परिवार के लक्ष्यों को पूरा करने में मदद कर सकता है। इन दोनों को मिलाना गाड़ी के इंजन ऑयल और घर के कुकिंग ऑयल को एक ही डिब्बे में मिलाने जैसा है—न गाड़ी सही चलेगी, न खाना स्वादिष्ट बनेगा। इसलिए इंश्योरेंस और इन्वेस्टमेंट को अलग-अलग रखना ही सही काम के लिए सही तेल चुनने जैसा है। उम्मीद है, इससे आपको यूलिप (ULIP) की बनावट समझने में मदद मिलेगी।

आपके विचार

इस विषय के बारे में आपके अनुभव, सोच या सवाल से हम सभी को सीखने में मदद मिलेगी। अपनी बातें नीचे कमेंट्स में लिखकर ज़रूर बताएं!

Author: Sanjay

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *