T1-08: विविधीकरण (Diversification या डाइवर्सिफिकेशन)

पिछले लेख में हमने इनवेस्टमेंट से जुड़े विभिन्न प्रकार के जोखिम (Risk या रिस्क) के बारे में जाना। हमने देखा कि कुछ रिस्क पूरे शेयर बाज़ार (Market) या ईकानमी (Economy) से जुड़े होते हैं, जबकि कुछ केवल किसी विशेष कंपनी, सेक्टर (Sector) या इनवेस्टमेंट से जुड़े होते हैं।

अब एक स्वाभाविक प्रश्न उठता है — यदि रिस्क को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता, तो क्या उसके असर को कम किया जा सकता है?

उत्तर है — हाँ। एक ही कंपनी के शेयरों में पूरा पैसा इनवेस्ट करने से बड़ा मुनाफ़ा भी हो सकता है, लेकिन अगर कंपनी का धंधा किसी वजह से खराब हुआ तो आपका पूरा पैसा एक साथ रिस्क में आ सकता है। लेकिन अगर आपने उसी पैसे को अलग-अलग अच्छी कंपनियों में बाँट दिया, तो किसी एक कंपनी के खराब होने से आपके पूरे इनवेस्टमेंट पर उतना रिस्क नहीं आएगा।

अपने इनवेस्टमेंट को इस तरह अलग-अलग कंपनियों और सेक्टरों में बाँटने को ही विविधीकरण (Diversification या डाइवर्सिफिकेशन) कहते हैं। इसका मकसद ज़्यादा इनवेस्टमेंट करना नहीं, बल्कि अपने रिस्क को कम करना है ताकि किसी एक कंपनी या सेक्टर को नुकसान होने पर आपका पूरा पैसा न डूबे।

क्या सिर्फ कंपनियों की संख्या बढ़ाना ही डाइवर्सिफिकेशन है?

नहीं। अगर आपने 10 अलग कंपनियों में पैसा लगाया, लेकिन वे सभी एक ही सेक्टर (जैसे IT या आईटी) की हैं, तो आपका रिस्क कम नहीं हुआ। आईटी सेक्टर में मंदी आते ही आपके पूरे पैसे पर एक साथ असर पड़ सकता है। डाइवर्सिफिकेशन से रिस्क कम करने का एक तरीका यह है कि कंपनियां अलग-अलग सेक्टर और अलग-अलग व्यवसाय या धंधे में हों

क्या केवल अलग-अलग सेक्टरों में निवेश करना काफी है?

यह एक अच्छा कदम है, और आप चाहें तो इससे भी आगे बढ़ सकते हैं। जब आप इन्वेस्टमेंट्स के अलग-अलग साधनों में पैसा रखते हैं — जैसे शेयर (Stocks), म्यूचुअल फंड (MF), बॉन्ड (Bonds), या सोना (Gold) — तो रिस्क और कम होता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इन सभी इनवेस्टमेंट साधनों का प्रदर्शन हर परिस्थिति में एक जैसा नहीं होता।

क्या डाइवर्सिफिकेशन से सभी रिस्क समाप्त हो जाते हैं?

नहीं। यदि पूरे शेयर बाज़ार या ईकानमी में गिरावट आ जाए, तो उसका असर एक साथ कई प्रकार के इनवेस्टमेंट्स पर पड़ सकता है। इसलिए डाइवर्सिफिकेशन का उद्देश्य रिस्क को पूरी तरह समाप्त करना नहीं, बल्कि किसी एक ही जगह पर बहुत ज़्यादा निर्भर (डिपेंड या depend) रहने की ज़रूरत को कम करना है।

क्या बहुत अधिक डाइवर्सिफिकेशन भी सही है?

डाइवर्सिफिकेशन में भी बैलन्स (balance) होना ज़रूरी है। बहुत कम जगह इनवेस्टमेंट करने से रिस्क बढ़ता है, जबकि बहुत अधिक कंपनियों या साधनों में पैसा लगाने से समय-समय पर उनका ध्यान रखना कठिन हो सकता है। उद्देश्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सोच-समझकर सही बैलन्स बनाना है।

अपने इनवेस्टमेंट को परखने के लिए कुछ सरल प्रश्न:

  • क्या मेरा अधिकांश इनवेस्टमेंट केवल एक ही कंपनी या एक ही सेक्टर में लगा हुआ है?
  • यदि उस कंपनी या सेक्टर में कठिन समय आ जाए, तो मेरे पूरे इनवेस्टमेंट पर कितना असर पड़ सकता है?
  • क्या मेरा इनवेस्टमेंट केवल एक ही प्रकार के साधन में है, या वह अलग-अलग साधनों में भी फैला हुआ है?

    इन प्रश्नों का उद्देश्य किसी विशेष इनवेस्टमेंट की सलाह देना नहीं, बल्कि अपने इन्वेस्टमेंट्स को एक बड़े नज़रिए (Big Picture या बिग पिक्चर) से देखने में मदद करना है।

समरी (Summary)

हर इनवेस्टमेंट में कुछ न कुछ रिस्क होता है। डाइवर्सिफिकेशन उन रिस्क्स को पूरी तरह समाप्त नहीं करता, लेकिन अलग-अलग जगहों पर आने वाले रिस्क के असर को कम करने का यह एक आसान तरीका है।

आपके विचार

इस विषय के बारे में आपके अनुभव, सोच या सवाल से हम सभी को सीखने में मदद मिलेगी। अपनी बातें नीचे कमेंट्स में लिखकर ज़रूर बताएं!

Author: Sanjay

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *